एलआईसी अभिकर्ताओं ने किया कार्य बहिष्कार

कैशियर के रवैये से नाराज एजेंट धरने पर बैठे

जसवंतनगर,इटावा। नगर में स्थित एलआईसी शाखा में सोमवार को कैशियर के रवैये से नाराज बीमा एजेंटों ने कार्य बहिष्कार कर धरना दिया। एजेंटों ने कैशियर अभिज्ञ सिंह पर उनकी समस्याओं को गंभीरता से न सुनने और बातचीत के दौरान उचित व्यवहार न करने का आरोप लगाया। मामले की शिकायत वरिष्ठ मंडल प्रबंधक,आगरा को शिकायती पत्र भेजकर की गई है।

धरने पर बैठे एजेंटों का कहना था कि वह लंबे समय से अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए शाखा प्रबंधन से शिकायत करते आ रहे हैं, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हो सका। इससे नाराज एजेंटों ने सोमवार को सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

एजेंटों ने चीफ शाखा प्रबंधक तारा चंद से मामले की जांच कराकर समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने और उचित कार्रवाई की मांग की। एजेंटों का कहना है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो विरोध जारी रखा जा सकता है।

विरोध प्रदर्शन में मनोज कुमार झा,दिलीप कुमार, रामवीर सिंह,मुकेश कुमार,ओम प्रकाश यादव,राकेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार यादव,शैलेंद्र कुमार,राजमेश कुमार यादव,राधेश्याम,जितेंद्र कुमार,विनोद बाबू,देवेंद्र कुमार,सुमन,जूली, सहदेव सिंह और सूरज सिंह यादव समेत 50 से अधिक बीमा एजेंट मौजूद रहे।

धरने और कार्य बहिष्कार के चलते शाखा परिसर में काफी देर तक गहमा- गहमी का माहौल बना रहा। शाखा प्रबंधन की ओर से एजेंटों को समझाने और उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया गया।

Related Articles

Back to top button