जन्माष्टमी से पहले शिव मंदिर में चोरी, चांदी का मुकुट और हनुमान जी की गदा ले गए चोर
चोरी से कस्बे में मचा हड़कंप, जल्द खुलासा न होने पर थाने पर धरने की चेतावनी

मोदीनगर। नगर पंचायत निवाड़ी स्थित शिव मंदिर में जन्माष्टमी से एक दिन पहले चोरी की वारदात सामने आने से कस्बे में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक चोर मंदिर से चांदी का मुकुट, त्रिशूल, हनुमान जी की गदा और एक कटोरी चोरी कर फरार हो गए। चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मंदिर परिसर में स्थानीय लोगों में रोष देखने को मिला। कस्बावासियों का आरोप है कि निवाड़ी थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है।
चोरी के विरोध में मंदिर परिसर में लोगों ने बैठक कर जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन (किसान सभा) के राष्ट्रीय संरक्षक सत्येंद्र त्यागी, नगर अध्यक्ष नरेंद्र त्यागी, पूर्व सभासद अवनीश त्यागी सहित सचिन त्यागी, सुरेश गिरी, सागर त्यागी, राज प्रकाश त्यागी, अंकित त्यागी, उपेश त्यागी, मोनू त्यागी आदि मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को चेतावनी दी कि यदि चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा नहीं किया गया तो निवाड़ी थाने पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की है।
वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही स्थानीय लोगों और संभावित गवाहों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



