कढ़ाई में डालडा ने किया धमाकेदार विस्फोट

आस्था के भंडारा भोज में बड़ा हादसा टला

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के आजाद रोड स्थित गांधी नगर में लौंगश्री मंदिर के समीप मंगलवार को आयोजित आस्था का भोज भंडारा में उस समय अफरा-तफरी के बीच हड़कंप मच गया,जब भोजन तैयार करने के लिए कड़ाई में गर्म किए जा रहे डालडा में अचानक तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ और मौके पर मौजूद हलवाई समेत आयोजक बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार भंडारा भोज के लिए पूड़ियां बनाने की तैयारी चल रही थी। हलवाई शंकर कांत गोस्वामी कड़ाई में डालडा गर्म कर रहे थे,इसी बीच उसमें अचानक जोरदार धमाके के साथ एक विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा तफरी के बीच हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए भोजन निर्माण का कार्य रोकना पड़ा। आयोजकों का आरोप है कि जांच के दौरान संबंधित डालडा गुणवत्ताविहीन प्रतीत हुआ,जिसके चलते उक्त घटना घटित हो गई। आस्था के भंडारा भोज के आयोजकों ने संबंधित डालडा व्यापारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।

हादसे के बाद संदिग्ध डालडा को तत्काल हटवा दिया गया। इसके बाद नया डालडा मंगाकर भंडारा भोजन तैयार करने का कार्य दोबारा शुरू कराया जा सका,ताकि भंडारा भोज प्रभावित न हो सके और कार्यक्रम समय से शुरू कराया जा सके। भंडारा भोज के मुख्य व्यवस्थापक आयोजन प्रताप सिंह यादव,मनोज दीक्षित,जितेंद्र यादव, बृजेश कौशल,चंद्र कुमार शुक्ला व सुमित यादव द्वारा कराया जा रहा था। आयोजकों का कहना है कि समय रहते स्थिति संभाल ली गई,अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना यह मामला खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और उसकी जांच व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है। आयोजकों ने जिम्मेदार अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button