राजनगर एक्सटेंशन चौराहे पर खुला नया यातायात निरीक्षक कार्यालय

गाजियाबाद। शहर में बढ़ते यातायात दबाव और वाहन चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शुक्रवार को राजनगर एक्सटेंशन चौराहे पर नए यातायात निरीक्षक कार्यालय का उद्घाटन एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजकरण नैय्यर ने किया।

उद्घाटन के अवसर पर एडीसीपी राजकरण नैय्यर ने कहा कि नए कार्यालय का मुख्य उद्देश्य आमजन की यातायात संबंधी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान करना और क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि कार्यालय स्थापित होने से यातायात पुलिसकर्मियों को भी धूप और बारिश से राहत मिलेगी तथा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था की बेहतर निगरानी की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर शिकायतों के त्वरित निस्तारण के साथ-साथ यातायात नियमों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने में यह कार्यालय महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उद्घाटन समारोह में डीसीपी ट्रैफिक वरुण सिंह, एडीसीपी ट्रैफिक सुचित्रा सिंह, एसीपी यातायात सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नए कार्यालय का निरीक्षण किया और यातायात पुलिसकर्मियों से स्थानीय वाहन चालकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

निवासियों और वाहन चालकों को मिलेगी राहत

नया यातायात निरीक्षक कार्यालय राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र के निवासियों और वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए यातायात संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण में सहायक होगा। पुलिस प्रशासन को उम्मीद है कि कार्यालय के संचालन से क्षेत्र में यातायात नियमों का पालन बेहतर तरीके से कराया जा सकेगा और जाम की समस्या को कम करने में भी मदद मिलेगी।

Related Articles

Back to top button