नहर में फंसा मृत गौवंश: दुर्गंध से परेशान

बलरई नहर पुल पर बार-बार बन रही समस्या

जसवंतनगर। बलरई नहर पुल पर मृत पशुओं के फंसने की समस्या स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई है। मंगलवार को पुल के पास नहर में एक मृत गौवंश फंसा मिला। समय से नहीं हटाए जाने के कारण शव में सड़न शुरू हो गई और आसपास तेज दुर्गंध फैल गई। बदबू के कारण दुकानदारों का दुकानों पर बैठना मुश्किल हो गया, वहीं ग्राहकों ने भी क्षेत्र से दूरी बनाए रखी।

नहर पुल के आसपास दुकान संचालित करने वाले लोगों का कहना है कि यह समस्या आए दिन सामने आती है। नहर में बहकर आने वाले मृत पशु पुल के पास फंस जाते हैं और लंबे समय तक नहीं हटाए जाने से सड़ने लगते हैं। इससे उठने वाली दुर्गंध आसपास के पूरे इलाके को प्रभावित करती है।

दुकानदारों का कहना है कि बदबू के कारण ग्राहकों का दुकानों पर रुकना मुश्किल हो जाता है, जिसका सीधा असर कारोबार पर पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है। लोगों को संक्रमण फैलने का भी डर सताने लगा है।

स्थानीय दुकानदार जोधा सिंह, मुन्नालाल, सर्वेश, सुनील, राजेंद्र और मोहन समेत अन्य लोगों ने नहर विभाग से समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। उन्होंने कहा कि विभाग को पुल और आसपास के नहर क्षेत्र की नियमित निगरानी करानी चाहिए, ताकि मृत पशु फंसने की जानकारी मिलते ही उन्हें तत्काल बाहर निकलवाया जा सके।

“मृत पशुओं की दुर्गंध से दुकानों पर बैठना मुश्किल, ग्राहक भी कर रहे किनारा”

बलरई नहर पुल के आसपास के दुकानदारों ने नहर विभाग से नियमित निरीक्षण की व्यवस्था करने की मांग की है। दुकानदारों का कहना है कि विभाग की ओर से पुल के आसपास निगरानी के लिए जिम्मेदार कर्मचारी तैनात किए जाएं या नियमित गश्त कराई जाए। मृत पशु फंसने की सूचना मिलते ही तत्काल उन्हें हटाने की व्यवस्था हो, जिससे सड़ांध फैलने से पहले समस्या का समाधान किया जा सके।

“बोले दुकानदार”- “नहर में अक्सर मृत पशु आकर पुल के पास फंस जाते हैं। कई दिनों तक नहीं हटाए जाने से इतनी तेज बदबू फैलती है कि दुकान पर बैठना मुश्किल हो जाता है। विभाग को इसका स्थायी समाधान करना चाहिए।”
स्थानीय दुकानदार

विभाग का पक्ष

नहर विभाग के जेई महिपाल सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी लेकर संबंधित कर्मचारियों को मौके पर भेजा जाएगा और मृत पशु को निकलवाने की कार्रवाई कराई जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसी सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button