शादी की खुशियों पर बरसा बम! ईरान का दावा- अमेरिकी एयरस्ट्राइक में 50+ हताहत

Iran wedding airstrike: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान से एक बेहद संवेदनशील और गंभीर घटनाक्रम सामने आया है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने सीधे तौर पर संयुक्त राज्य अमेरिका पर दक्षिणी क्षेत्र में स्थित एक रिहायशी मकान को निशाना बनाने का आरोप लगाया है।
ईरानी अधिकारियों के अनुसार यह हमला उस समय हुआ जब घर में शादी का जश्न चल रहा था। इस विनाशकारी हवाई हमले में पचास से अधिक आम नागरिक हताहत हुए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।
शादी की खुशियों के बीच बरपा कहर
ईरानी विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर इस हमले की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि दक्षिणी होर्मोज़गान प्रांत के सिरिक जिले में स्थित कुहेस्तक गांव के एक घर में परिवार और रिश्तेदार विवाह समारोह के लिए एकत्रित हुए थे। देर रात अचानक हुए इस हवाई हमले ने जश्न के माहौल को चीख-पुकार में बदल दिया। प्रवक्ता के मुताबिक, इस भीषण बमबारी में पचास से अधिक निर्दोष पुरुष, महिलाएं और मासूम बच्चे या तो अपनी जान गंवा बैठे हैं अथवा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
अमेरिकी अधिकारियों की ओर से प्रतिक्रिया का इंतजार
अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थान सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, वाशिंगटन और अमेरिकी रक्षा अधिकारियों ने फिलहाल ईरानी विदेश मंत्रालय द्वारा लगाए गए इन गंभीर आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान या टिप्पणी जारी नहीं की है। स्वतंत्र रूप से भी इस हमले के स्रोतों की पुष्टि की प्रतीक्षा की जा रही है, लेकिन ईरानी पक्ष ने इसे अंतरराष्ट्रीय नियमों का खुला उल्लंघन करार दिया है।
UAE में लगातार दूसरे महीने पेट्रोल-डीजल महंगा, जानिए अब कितनी है 1 लीटर की कीमत
अतीत की घटनाओं का हवाला और ईरान का सख्त रुख
प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने इस घटना को क्षेत्र में जारी सैन्य आक्रामकता की एक और दर्दनाक कड़ी बताया। उन्होंने संघर्ष के शुरुआती दौर की याद दिलाते हुए कहा कि इससे पहले मिनाब शहर के एक विद्यालय को भी इसी तरह निशाना बनाया गया था, जिसमें दर्जनों स्कूली बच्चों की जान चली गई थी। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस तरह के बर्बर कृत्यों के बाद हालात का सामान्य हो जाना और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चुप्पी बमबारी से भी अधिक खतरनाक है।



