आरकेजीआईटी में राष्ट्रीय खेल दिवस पर दो दिवसीय खेल एवं फिटनेस कार्यक्रम आयोजित
300 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, योग, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और रस्साकशी में दिखाया उत्साह

गाजियाबाद। राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आरकेजीआईटी), गाजियाबाद में राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर 29 एवं 30 अगस्त को ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ एवं ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ अभियान के तहत दो दिवसीय खेल एवं फिटनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के जिला युवा अधिकारी के सहयोग एवं समन्वय से किया गया।
कार्यक्रम में दोनों दिनों के दौरान 300 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान शपथ समारोह, योग सत्र, वॉलीबॉल, रस्साकशी, टेबल टेनिस, बैडमिंटन तथा फिटनेस जागरूकता रैली सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में नियमित व्यायाम, शारीरिक फिटनेस, खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कार्तिक शर्मा, राष्ट्रीय साइक्लिंग चैंपियन एवं फिट इंडिया एंबेसडर, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल एवं फिटनेस को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी एकता मिश्रा की भी महत्वपूर्ण उपस्थिति एवं सहयोग रहा।
इस अवसर पर आरकेजीआईटी के निदेशक डॉ. बी. सी. शर्मा ने कहा कि स्वस्थ एवं अनुशासित युवा ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं। वहीं छात्र कल्याण अधिष्ठाता एच. जी. गर्ग ने विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



