सपा के मंच पर अचानक छाया ये युवा चेहरा, जानें अखिलेश के बगल में बैठा शख्स कौन

Sagar Kasana Ghaziabad Loni: लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में उस समय सबकी निगाहें टिक गईं, जब पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के बाईं ओर एक नया और ऊर्जावान युवा चेहरा नजर आया। मंच पर दाईं ओर पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी और कद्दावर नेता राजेंद्र चौधरी मौजूद थे, जबकि पूर्व विधायक हेमराज वर्मा, राम अवतार सैनी, नीतू मिश्रा और श्याम नारायण कोरी जैसे नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इस राजनीतिक हलचल के बीच सफेद टी-शर्ट में बैठे इस अनजान युवक ने सभी का ध्यान खींचा, जिसके बाद खुद अखिलेश यादव ने उन्हें माइक सौंपकर अपनी बात रखने का मौका दिया।
सपा के मंच से यूपी के खेल ढांचे और खिलाड़ियों के दर्द पर बेबाक राय
माइक संभालते ही इस युवा ने प्रदेश में खेल सुविधाओं की जमीनी हकीकत को मजबूती से सामने रखा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य होने के बावजूद खेलों के मामले में राष्ट्रीय स्तर पर सातवें स्थान पर आता है। प्रदेश में प्रतिभाशाली और समर्पित युवाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन सही प्लेटफॉर्म, बेहतर कोचिंग, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और सपोर्ट सिस्टम के अभाव में होनहार खिलाड़ी पीछे छूट जाते हैं।
उन्होंने अपने गृह जनपद गाजियाबाद का उदाहरण देते हुए कहा कि महानगर होने के बाद भी लोनी जैसे इलाकों और पूरे जिले में सिंथेटिक ट्रैक तक की समुचित व्यवस्था नहीं है। अलग-अलग खेलों की समस्याओं को रेखांकित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि महंगी ट्रेनिंग और आधुनिक सुविधाओं की कमी खिलाड़ियों के सपनों को तोड़ देती है।
‘प्ले, डेवलप, अचीव’: अखिलेश यादव का नया PDA स्पोर्ट्स विजन
प्रेस वार्ता में पार्टी के पारंपरिक ‘पीडीए’ फॉर्मूले को खेलों से जोड़ते हुए एक नई परिभाषा—’प्ले, डेवलप और अचीव’ (Play, Develop, Achieve) पेश की गई। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश भर के एथलीटों से सीधा संवाद कर उनके कौशल को निखारना और समस्याओं के आधार पर ठोस खेल नीति तैयार करना है। इस मिशन के तहत प्रदेश के 15 से 20 जिलों के गांव-गली का दौरा कर खिलाड़ियों से फीडबैक जुटाया जा रहा है, जिसे एक विस्तृत मेमोरेंडम के रूप में पार्टी अध्यक्ष को सौंपा जाएगा ताकि आगामी समय में खेलों के विकास के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
UP Election Survey: आज चुनाव हुए तो सपा-BJP में कौन जीतेगा? सामने आया सीटों का अनुमान
जानिए कौन हैं पर्वतारोही सागर कसाना, जिन्होंने माउंट यूनाम पर फहराया था परचम
सपा अध्यक्ष के बगल में नजर आने वाला यह चेहरा गाजियाबाद के लोनी निवासी जाने-माने युवा पर्वतारोही सागर कसाना का है। पर्वतारोहण के क्षेत्र में तेजी से उभर रहे सागर कसाना ने हाल ही में 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पीडीए शिखर सम्मेलन अभियान के तहत अपने साथियों के साथ माउंट यूनाम की 6111 मीटर ऊंची दुर्गम चोटी को फतह किया था। भीषण ठंड, कम ऑक्सीजन और तेज हवाओं के बीच 7 घंटे की लगातार तकनीकी चढ़ाई पूरी कर उन्होंने सुबह 6:40 बजे शिखर पर तिरंगा और पीडीए का ध्वज फहराया था। अखिलेश यादव अब ऐसे युवा और साहसी चेहरों को आगे कर युवा वर्ग और खेल जगत को सीधे पार्टी की नीतियों से जोड़ने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।



