एनएच-9 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपती को कुचला, दोनों की मौत
छिजारसी कट के पास हुआ दर्दनाक हादसा, ट्रक छोड़कर चालक फरार; पुलिस तलाश में जुटी

गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में एनएच-9 स्थित छिजारसी कट के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, बागपत निवासी आशीष (36) अपनी पत्नी नीलम (32) के साथ सुबह करीब 11 बजे बाइक से दिल्ली से मेरठ की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे एनएच-9 पर छिजारसी कट के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर इंदिरापुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके पर छोड़े गए ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है।
ट्रक नंबर के आधार पर चालक की तलाश
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि ट्रक के नंबर के आधार पर उसके मालिक और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



