क्रय-विक्रय केंद्र बना नशेड़ियों का अड्डा
कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर दिनभर नशे का सेवन,महिलाओं को हो रही परेशानी

जसवंतनगर,इटावा। रामलीला रोड स्थित क्रय-विक्रय केंद्र परिसर में दिनभर नशेड़ियों के जमावड़े से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। आरोप है कि कुछ लोग परिसर की चारदीवारी के अंदर बैठकर खुलेआम शराब और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं। इससे आसपास आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हैरानी की बात यह है कि क्रय-विक्रय केंद्र कोतवाली से महज कुछ कदम की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद परिसर में दिन के समय नशे का सेवन किए जाने के आरोपों से पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशेड़ियों के जमावड़े के कारण परिसर का माहौल भी प्रभावित हो रहा है।
क्रय-विक्रय केंद्र परिसर में बैंक आने-जाने वाली महिलाओं और युवतियों के साथ ही वटवृक्ष की पूजा करने पहुंचने वाली महिलाओं को भी ऐसे लोगों की मौजूदगी से असहजता महसूस होती है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह नशे का सेवन रोकने के लिए नियमित निगरानी की जरूरत है।
समाजसेवियों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों ने पुलिस व संबंधित अधिकारियों से परिसर में नशेड़ियों के जमावड़े पर तत्काल रोक लगाने, नियमित गश्त और निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है। लोगों का सवाल है कि जब क्रय-विक्रय केंद्र कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर है तो दिनदहाड़े नशे का सेवन कैसे हो रहा है?



