रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों के बढ़ेंगे 250 फेरे, महिलाओं को मिलेगी राहत

साहिबाबाद। रक्षाबंधन के त्योहार पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए परिवहन निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 26 से 31 अगस्त तक रोडवेज बसों के करीब 250 अतिरिक्त फेरे बढ़ाए जाएंगे। इसके लिए कौशांबी, लोनी, साहिबाबाद, हापुड़, खुर्जा, बुलंदशहर और सिकंदराबाद डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश जारी किए गए हैं।

हर वर्ष रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं रोडवेज बसों से अपने मायके जाती हैं। भीड़ अधिक होने के कारण उन्हें बसों में खड़े होकर सफर करना पड़ता है। कई बार सीट नहीं मिलने पर निजी बसों का सहारा लेना पड़ता है। परिवहन निगम अधिकारियों का कहना है कि इस बार यात्रियों की सुविधा के लिए पहले से तैयारी की गई है और सभी प्रमुख शहरों के लिए बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे।

खराब बसों को भी जल्द दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहार के दौरान अधिक से अधिक बसों का संचालन किया जा सके।

चालक-परिचालकों को मिलेगा प्रोत्साहन

26 से 31 अगस्त तक प्रतिदिन बस संचालन करने और 1800 किलोमीटर बस चलाने वाले प्रत्येक चालक-परिचालक को 1200 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं, टेक्निकल स्टाफ को इस अवधि में रोजाना उपस्थित रहने पर एकमुश्त 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

निश्शुल्क यात्रा के आदेश का इंतजार

रक्षाबंधन पर महिलाओं को रोडवेज बसों में निश्शुल्क यात्रा की सुविधा दिए जाने की परंपरा रही है। हालांकि, इस बार अभी तक शासन की ओर से कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक रक्षाबंधन से दो-तीन दिन पहले शासन का आदेश मिलने की उम्मीद है। आदेश प्राप्त होते ही सभी डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश जारी कर दिए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button