रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या, चार नामजद समेत छह पर रिपोर्ट दर्ज

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पीपरीपुरा में शनिवार रात पुरानी रंजिश को लेकर 30 वर्षीय युवक राहुल यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात राष्ट्रीय राजमार्ग से गांव जाने वाले मार्ग पर स्थित पुलिया के पास रात करीब साढ़े आठ बजे हुई। तमंचे से चलाई गई गोली राहुल की छाती में लगी। गंभीर हालत में परिजन उसे जिला अस्पताल इटावा ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने चार नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने एक नामजद आरोपी रामाधार सिंह उर्फ अचंभे को गिरफ्तार कर लिया है।

दो माह पहले चोरी की घटना को लेकर हुआ था विवाद

ग्राम पीपरीपुरा निवासी राहुल पुत्र कल्याण सिंह खेती-किसानी करता था। मृतक के बाबा जयवीर सिंह के अनुसार करीब दो माह पहले हाईवे से गांव जाने वाले मार्ग पर जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी परिसर में लगे सौर ऊर्जा संयंत्र की प्लेटें चोरी हो गई थीं। इस मामले में यादराम ने राहुल और उसके दो साथियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी थी। बाद में ग्राम प्रधान की पैरवी से दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था,लेकिन इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश बनी हुई थी।

चाचा से कहासुनी के बाद राहुल को बुलाया

शनिवार रात राहुल का चाचा श्यामवीर गांव के नवनीत और बंटू के साथ हाईवे स्थित मकान से वापस लौट रहा था। गांव के पास पुलिया पर कुछ लोगों से उसकी कहासुनी हो गई। इसके बाद श्यामवीर ने फोन कर राहुल को मौके पर बुला लिया।

परिजनों के मुताबिक उस समय राहुल हाईवे स्थित एक होटल में नगला चैतराम निवासी रवि की जन्मदिन पार्टी में शामिल था। फोन आने पर वह गाड़ी लेकर पुलिया के पास पहुंचा। वहां राहुल की आरोपी अंशुल से दोबारा कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान अंशुल ने तमंचा निकालकर राहुल की छाती में गोली मार दी। गोली लगते ही राहुल जमीन पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

गोलीकांड की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी और क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने मृतक के चाचा श्यामवीर पुत्र जयवीर सिंह की तहरीर पर मुख्य आरोपी अंशुल पुत्र बलराम सिंह,बलराम पुत्र अकबर सिंह,रामाधार सिंह उर्फ अचंभे पुत्र अकबर सिंह और सुखवीर पुत्र अकबर सिंह के अलावा दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि पीड़ित और आरोपी पक्ष के घर आमने-सामने हैं। इलाके में अपनी पकड़ को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनातनी चली आ रही थी। इसी रंजिश ने घटना का रूप लिया। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि नामजद आरोपी रामाधार सिंह उर्फ अचंभे को कैवाला तिराहे से गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

सावन माह पर बहन का रो-रोकर बुरा हाल

राहुल की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की बहन शबनम का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार यही कहकर बिलखती रही,“अब मैं राखी किसको बांधूंगी।” परिजनों के विलाप से गांव का माहौल गमगीन हो गया।

Related Articles

Back to top button