तिरंगा यात्रा से देश भक्ति में डूबा भरथना
तिरंगा यात्रा के अतिथियों का हुआ सम्मान

भरथना,इटावा! देश की आजादी के 80वें उत्सव यानि स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में समाजसेवी व शिक्षण संस्थाओें ने वीरसपूतों व राष्ट्रप्रेम के उद्घोषों के साथ नगर में तिरंगा यात्रा निकाली। देशभक्ति के स्वरों से समूचा नगर गुंजायमान कर दिया।
शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे भारत विकास परिषद भरथना के तत्वाधान में देशहित में तिरंगा यात्रा नगर भ्रमण हेतु निकाली गई। तिरंगा यात्रा का शुभारम्भ मुहल्ला राजागंज स्थित कार्यक्रम स्थल से हुआ। जहाँ बतौर मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष अजय कुमार यादव गुल्लू ने थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह के साथ भारत माता,स्वामी विवेकानन्द के चित्र पर तिलक वन्दन,माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलित करके किया।
तदुपरान्त अपने-अपने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर तिरंगा यात्रा ने नगर के मुहल्ला मोतीगंज,तिलक रोड,जवाहर रोड, सरोजनी रोड,बालूगंज आदि पर भ्रमण करते हुए शहीद पार्क पर सम्पन्न हुई। इस दौरान अध्यक्ष देवेन्द्र पोरवाल,आरएन दुबे,चन्द्रशेखर राठौर, सुशान्त उपाध्याय,नेक्से पोरवाल,निशान्त पोरवाल,संजू पोरवाल, अमित श्रीवास्तव, गोविन्द शारदा,ऋषभ गुप्ता,निखिल पोरवाल, मक्खन सिंह वर्मा, रामप्रकाश पाल,कमल भाटिया,दीपक दुबे,सीके शुक्ला,रूद्रपाल सिंह भदौरिया सहित सैकडों महिला-पुरूष समाजसेवियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
वहीं कस्बा के मुहल्ला आजाद रोड स्थित आर्य श्यामा बालिका इ.का. भरथना के तत्वाधान् में भी तिरंगा यात्रा नगर भ्रमण हेतु निकाली गई। जिसका शुभारम्भ बतौर मुख्य अतिथि थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने विशिष्ट अतिथि प्रभारी निरीक्षक (अपराध) अरिमर्दन सिंह, संस्था प्रबन्धक श्रीभगवान पोरवाल के साथ तिरंगा लहराकर किया। तदुपरान्त संस्था द्वारा आगन्तुक अतिथियों का स्वागत सम्मान किया गया और छात्राओं द्वारा निकाली गई तिरंगा यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण करते हुए बालूगंज स्थित शहीद पार्क पर विराम हुई। इस मौके पर संस्था अध्यक्ष सुधा पाण्डेय, प्रधानाचार्य सुलक्षणा यादव,दीपक गुप्ता, दीपाली गुप्ता सहित समस्त विद्यालय शिक्षिकाओं व छात्राओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।



