तिरंगा राष्ट्र गौरव और जनभागीदारी का प्रतीक बना : ए.के. शर्मा
मोदी-योगी सरकार ने बदली उत्तर प्रदेश की तस्वीर

गाजियाबाद। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने गुरुवार को लोनी के खन्ना नगर में विधायक नंद किशोर गुर्जर के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और कार्यकतार्ओं ने भाग लिया। इस दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के नारों से गूंज उठा।
मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के गौरव, सम्मान और स्वाभिमान को नई ऊंचाई मिली है। तिरंगा आज केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि जन-जन की भावना और राष्ट्रभक्ति के जनआंदोलन का प्रतीक बन चुका है। सरकार देश की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को सम्मान देते हुए सबका विकास और सबकी समृद्धि के लिए काम कर रही है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए शर्मा ने कहा कि विपक्ष के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है और वह केवल विरोध की राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश के सम्मान और तिरंगे के प्रति प्रत्येक भारतीय का दायित्व है कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखे। उन्होंने राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि विपक्ष के नेता गांव-गरीब के बच्चों के संघर्ष को करीब से समझते और चटाई पर बैठकर पढ़े होते तो छात्रों की समस्याओं को बेहतर तरीके से समझ पाते।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों में प्रयागराज स्थित लोक सेवा आयोग जैसी संस्थाएं भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का केंद्र बन गई थीं। इसके विपरीत आज पारदर्शिता और सुशासन को प्राथमिकता दी जा रही है।
मंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान गाजियाबाद समेत प्रदेश के अनेक शहर कुशासन और अव्यवस्थाओं से जूझ रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल दी है। प्रदेश विकास और सुशासन की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। गाजियाबाद भी आधुनिक सुविधाओं और बेहतर नागरिक सेवाओं की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रविरोधी ताकतों से सतर्क रहने तथा देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा राष्ट्र के गौरव का प्रतीक है और इसके साथ देश की संस्कृति, विरासत तथा शहीदों का सदैव सम्मान किया जाना चाहिए।
शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार लोनी और पूरे गाजियाबाद के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। लोनी के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। सड़क, जल निकासी, पेयजल, स्वच्छता, बिजली और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य लोनी समेत प्रदेश के प्रत्येक शहर को आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधायुक्त बनाना है।



