तिरंगे की शान में निकली तिरंगा यात्रा
देशभक्ति के रंग में रंगा भरथना

भरथना,इटावा l आजादी के अमृत उत्सव की भावना और राष्ट्रभक्ति के जज्बे से ओतप्रोत भरथना कस्बा तिरंगे के रंग में नजर आया। भव्य तिरंगा यात्रा में देशभक्ति का जुनून देखने को मिला। हाथों में लहराता तिरंगा,जुबां पर भारत माता के जयकारे और दिल में देश के वीर सपूतों के प्रति सम्मान का भाव लिए लोग यात्रा में शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ मिडिल स्कूल स्थित नर्मदेश्वर मंदिर से हुआ। यहां से यात्रा वीर अब्दुल हमीद चौराहे पहुंची। इसके बाद कृष्णा नगर, पाली बंबा,मोतीगंज, आजाद रोड, गिरधारीपुरा,मंडी रोड और पुराना भरथना होते हुए बालूगंज स्थित शहीद पार्क पहुंची। रास्तेभर भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
यात्रा में शामिल लोगों के हाथों में तिरंगा और चेहरे पर देशभक्ति का उत्साह साफ नजर आया। तिरंगे की शान में निकली इस यात्रा ने कस्बे में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत भी किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण गुप्ता अन्नू,पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया,पूर्व विधायक सिद्धार्थ शंकर दोहरे समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यात्रा के शहीद पार्क पहुंचने पर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं,बल्कि देश की आन,बान और शान का प्रतीक है। इसकी गरिमा और सम्मान बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।



