सड़क हादसों में दो युवक-दो महिलाओं की मौत
टैंकर हादसे में घायल युवक ने 8वें दिन सैफई में तोड़ा दम,6 दिन पहले दंपती की हो चुकी थी मौत

जसवंतनगर,इटावा l जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में हुई घटनाओं में दो युवकों और दो महिलाओं की मौत हो गई। एक युवक की राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए हादसे में घायल होने के आठवें दिन सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हुई। वहीं अन्य घटनाओं में राजमिस्त्री की मकान निर्माण के दौरान गिरने से, महिला की प्रसव ऑपरेशन के बाद तथा दूसरी महिला की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई।
टैंकर हादसे में 8वें दिन युवक की मौत
राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुरसेना से आगे जमुनाबाग फ्लाईओवर के पास आठ दिन पहले बुधवार को बड़ा हादसा हुआ था। इटावा से आगरा की ओर जा रहा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया था। हादसे के दौरान टैंकर के पिछले हिस्से में मोटरसाइकिल फंस गई थी और करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई। दुर्घटना में बाइक सवार ग्राम धरवार निवासी 26 वर्षीय आकाश पुत्र अरविंद समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।आकाश ने बुधवार को आठवें दिन सैफई मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले घायल दंपती 53 वर्षीय प्रेम सिंह पुत्र राजाराम और उनकी 50 वर्षीय पत्नी बुद्धश्री की पिछले गुरुवार को उपचार के दौरान मौत हो चुकी थी। आकाश की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी पूजा का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि आकाश की कोई संतान नहीं थी।
मकान बनाते समय गिरा राजमिस्त्री
दूसरी घटना में नगला विशुन, मलाजनी निवासी करीब 28 वर्षीय सोनू पुत्र महाराज सिंह मकान निर्माण का काम कर रहा था। इसी दौरान दीवार से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे सीएचसी जसवंतनगर लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
ऑपरेशन के बाद महिला ने तोड़ा दम
ग्राम हुलासी निवासी 30 वर्षीय शिल्पी पत्नी केशव सिंह की बच्चा पैदा होने के लिए हुए ऑपरेशन के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में मातम छा गया।
जहरीला पदार्थ खाने से महिला की मौत
ग्राम मदनपुरा निवासी 40 वर्षीय अनीता देवी पत्नी जनवेद सिंह ने बीते दिवस संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि अलग-अलग घटनाओं में हुई मौतों के संबंध में शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



