धड़ल्ले से चल रहे अवैध धुलाई सेंटर

=राष्ट्रीय राजमार्ग पर मौरंग-गिट्टी धुलाई में रोजाना लाखों लीटर पानी की बर्बादी,सड़क पर बहता पानी बन रहा हादसों का सबब

जसवंतनगर,इटावा l राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब पांच स्थानों पर मौरंग और गिट्टी धुलाई सेंटरों का कथित अवैध कारोबार खुलेआम चल रहा है। आरोप है कि संबंधित विभागों की अनदेखी के चलते इन सेंटरों का संचालन बेखौफ जारी है। इन स्थानों पर रोजाना लाखों लीटर पानी से मौरंग और गिट्टी धोई जा रही है। धुलाई के बाद पानी सड़क पर बहने से राजमार्ग पर फिसलन पैदा हो रही है, जो दोपहिया वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि धुलाई सेंटरों से निकलने वाले पानी और कीचड़ के कारण राजमार्ग के कई हिस्सों में सड़क गीली रहती है। मौरंग और गिट्टी लदे डंपर जब इन सेंटरों से निकलकर राजमार्ग पर पहुंचते हैं तो उनके पहियों के साथ पानी और कीचड़ भी सड़क पर फैलता जाता है। ऐसे में तेज रफ्तार से गुजरने वाले बाइक सवार अचानक फिसलकर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।

लोगों का कहना है कि आए दिन होने वाले हादसों में किसी न किसी परिवार का सदस्य घायल होता है और कई बार जान तक चली जाती है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से इन सेंटरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

जिम्मेदार विभागों की भूमिका पर उठ रहे सवाल

स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि यदि ये धुलाई सेंटर नियमों के विपरीत संचालित हो रहे हैं तो प्रशासन, पुलिस, जल विभाग और राजमार्ग से जुड़े अधिकारियों की नजर इन पर क्यों नहीं पड़ रही है। लोगों ने सेंटरों के संचालन की जांच, पानी की बर्बादी रोकने और सड़क पर पानी फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से कारोबार संचालित होने के बावजूद कार्रवाई न होना कहीं न कहीं जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने उच्चाधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button