12 साल की ज़ाइना ने लिखी सस्पेंस और मर्डर मिस्ट्री की रोमांचक किताब

गाजियाबाद। उम्र महज 12 साल, लेकिन कल्पनाशक्ति और लेखन प्रतिभा ऐसी कि किसी अनुभवी क्राइम थ्रिलर लेखक को भी चौंका दे। कक्षा 6 की छात्रा ज़ाइना इमरान खान ने दोस्ती, ईर्ष्या, अपराध, रहस्य और हत्या को केंद्र में रखकर एक रोमांचक मर्डर मिस्ट्री लिखी है। कहानी की खासियत यह है कि शुरुआत से लेकर आखिरी पन्ने तक पाठक के मन में एक ही सवाल बना रहता है—आखिर हत्यारा कौन है?
कहानी पांच दोस्तों एलेक्स, एमी, ल्यूक, कारा और निक के इर्द-गिर्द घूमती है। पांचों की दोस्ती के पीछे प्रतिस्पर्धा, ईर्ष्या, झूठ और कई छिपे हुए राज मौजूद हैं। कहानी उस समय रोमांचक मोड़ लेती है, जब पांचों दोस्त एमी की आलीशान हवेली में स्लीपओवर के लिए पहुंचते हैं। रात के दौरान एलेक्स अचानक गायब हो जाता है।
सुबह घर के शीशे पर लिखा एक खौफनाक संदेश सामने आता है—“Guess who is next!” इसके कुछ ही समय बाद घर के अंदर एलेक्स का शव बरामद होता है। इसके साथ ही दोस्ती का माहौल डर और शक में बदल जाता है।
पुलिस जांच शुरू करती है, लेकिन हत्यारे ने कोई ठोस सबूत नहीं छोड़ा है। परिस्थितियां एलेक्स की प्रतिद्वंद्वी कारा की ओर इशारा करने लगती हैं। इसी बीच एलेक्स की गुप्त बातचीत में “Black Box” नाम के रहस्यमय व्यक्ति का जिक्र सामने आता है। जांच आगे बढ़ने पर ड्रग्स, पैसों के लेन-देन और हत्या से कुछ घंटे पहले मिली धमकी जैसे कई रहस्य सामने आते हैं।
कारा, एमी और ल्यूक पुलिस से अलग अपनी जांच शुरू करते हैं। एलेक्स के फोन, सीसीटीवी फुटेज और छिपे हुए सबूतों की तलाश के दौरान उन्हें एलेक्स और मेयर के निजी सहायक के बीच एक रहस्यमय संबंध का पता चलता है। इसके बाद कहानी शहर के प्रभावशाली मेयर और उसके परिवार तक पहुंचती है।
जैसे-जैसे तीनों दोस्त सच्चाई के करीब पहुंचते हैं, उनके सामने ऐसे राज खुलते जाते हैं, जिनकी उन्होंने कल्पना तक नहीं की थी। कहानी के अंतिम हिस्से में सबसे बड़ा रहस्य सामने आता है—Black Box कोई अनजान व्यक्ति नहीं, बल्कि पांचों दोस्तों के बीच मौजूद एक जाना-पहचाना चेहरा है।
कहानी का अंतिम खुलासा पाठक को चौंका देता है। एलेक्स की हत्या के पीछे केवल पैसे या व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं, बल्कि ऐसा गहरा राज छिपा था, जिसके सामने आने से एक प्रभावशाली परिवार की प्रतिष्ठा और पहचान खतरे में पड़ सकती थी।
ज़ाइना की इस कहानी में रहस्य को धीरे-धीरे खोलने, हर किरदार पर संदेह पैदा करने और अंत में अप्रत्याशित मोड़ देने की कोशिश दिखाई देती है। खास बात यह है कि महज 12 वर्ष की उम्र में उन्होंने जिस तरह कहानी के किरदारों और घटनाओं को आपस में जोड़ा है, वह उनकी रचनात्मक प्रतिभा को दर्शाता है।
कहानी का सबसे बड़ा सवाल आखिरी पन्ने तक कायम रहता है—एलेक्स का हत्यारा कौन था? जवाब सामने आने के बाद दोस्ती, भरोसे और रिश्तों का पूरा अर्थ बदल जाता है।
ज़ाइना की यह मर्डर मिस्ट्री इस बात की मिसाल है कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। एक 12 वर्षीय लेखिका की कल्पना से निकली यह कहानी पाठक को आखिरी पंक्ति तक रहस्य और रोमांच से जोड़े रखने का प्रयास करती है।



