ऑपरेशन मुस्कान: गुमशुदा युवती बरामद
पुलिस ने परिजनों को सौंपा सुरक्षित

जसवंतनगर,इटावा। ऑपरेशन मुस्कान और मिशन शक्ति अभियान के तहत बलरई पुलिस व मिशन शक्ति टीम ने 19 वर्षीय गुमशुदा युवती को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। युवती 18 जुलाई को बिना बताए घर से चली गई थी।
परिजनों की सूचना और आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज संदर्भ का संज्ञान लेते हुए सीओ आयुषी सिंह के नेतृत्व में थानाध्यक्ष बलरई आलोक कुमार ने पुलिस टीम गठित की। टीम में मिशन शक्ति केंद्र की महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया।
पुलिस टीम ने शुक्रवार को युवती को जमुनाबाग पुल के पास से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में युवती ने पुलिस को बताया कि वह अपनी इच्छा से घर से गई थी। आवश्यक विधिक कार्रवाई और काउंसलिंग के बाद पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया।
युवती के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार जताया।



