ट्रेन में महिला को हुई प्रसव पीड़ा: शिशु का हुआ जन्म

भरथना सीएचसी में सुन्दर बच्चे ने लिया जन्म

भरथना,इटावा। दिल्ली हावड़ा रेलवे ट्रैक पर दिल्ली से कानपुर की ओर जा रही ट्रेन में सफर कर रही एक गर्भवती महिला को भरथना स्टेशन से पहले अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। महिला की हालत बिगड़ने पर सहयात्रियों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना पर ट्रेन को भरथना रेलवे स्टेशन पर रोका गया,जहां जीआरपी और आरपीएफ जवानों ने एंबुलेंस की मदद से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना पहुंचाया। जहां अस्पताल में महिला ने एक सुन्दर बच्चे को जन्म दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार,जसवंतनगर थाना क्षेत्र के नगला बुधू निवासी रवि की 34 वर्षीय पत्नी सीता शनिवार देर शाम ट्रेन संख्या 20420 गोमती एक्सप्रेस के सी-1 कोच में सफर कर रही थीं। ट्रेन भरथना स्टेशन पहुंचने से पहले ही उन्हें प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। महिला की बिगड़ती हालत देखकर सहयात्रियों ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद ट्रेन को भरथना स्टेशन पर रोककर जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने महिला को एंबुलेंस से रात करीब नौ बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

बताया गया कि सीता दिबियापुर के सहायल रोड स्थित अपने मायके से जसवंतनगर स्थित पैथोलॉजी पर जांच कराने आई थीं। जांच कराने के बाद वह देर शाम ट्रेन से वापस मायके जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में उन्हें प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। रात करीब पौने नौ बजे सीता ने स्वास्थ्य केंद्र में एक बच्चे को जन्म दिया। सूचना मिलने पर उनकी ननद ममता और ननदोई उदयवीर भी अस्पताल पहुंच गए। जच्चा-बच्चा दोनों के स्वस्थ होने के बाद रविवार सुबह करीब नौ बजे परिजन प्रसूता और नवजात को अपने साथ घर ले गए।

Related Articles

Back to top button