सफाई कर्मियों ने फिर उठाई मांगें: धरना की चेतावनी

भरथना,इटावा। भरथना नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर अधिशाषी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान कराए जाने की मांग की है। कर्मचारियों का आरोप है कि कई बार प्रार्थना पत्र दिए जाने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है और उन्हें केवल आश्वासन देकर गुमराह किया जा रहा है।

मांगें पूरी न होने पर कर्मचारियों ने 31 जुलाई और एक अगस्त को प्रथम पाली में कार्य करने के बाद दूसरी पाली में नगर पालिका कार्यालय में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे।

कर्मचारियों ने स्थायी कर्मचारियों के लंबित एरियर,फंड और एनपीएस की धनराशि जमा कराने,संविदा कर्मचारियों के वर्ष 2018 से 2026 तक के भविष्य निधि (पीएफ) की धनराशि जमा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि पीएफ की राशि वेतन से काटी गई, लेकिन संबंधित खाते में जमा नहीं कराई गई।

इसके अलावा आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को शासनादेश के अनुसार महंगाई भत्ते का एरियर दिए जाने,मृतक संविदा कर्मचारी संजीव कुमार और राजकुमारी के लंबित पीएफ व अन्य देयकों का भुगतान कराने की मांग भी उठाई गई है। कर्मचारियों ने सफाई नायक के पद पर वरिष्ठता और अनुभव के आधार पर योग्य सफाई कर्मचारियों को पदोन्नति दिए जाने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान में अन्य विभागों के कर्मचारियों को सफाई नायक का कार्य सौंपा गया है।

कर्मचारियों ने पीएफ की धनराशि समय से जमा न होने के कारण लगने वाली पेनल्टी की जिम्मेदारी भी कार्यालय की बताते हुए करीब 84 हजार रुपये की पेनल्टी का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि 29 जून को भी मांगों को लेकर प्रार्थना पत्र दिया गया था। उस समय अधिशाषी अधिकारी और पालिकाध्यक्ष की ओर से 15 दिन में समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया था,लेकिन एक माह बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

कर्मचारियों का कहना है कि राज्य वित्त आयोग से नगर पालिका को प्राप्त धनराशि के बावजूद उनके लंबित देयकों का भुगतान नहीं किया गया, जिससे कर्मचारियों में निराशा और आक्रोश है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो निर्धारित तिथियों पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान रमेश चन्द्र,अजय कुमार, रणजीत कुमार,शिव कुमार,सुशील कुमार और सत्यनारायण सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button