टी स्टॉल में लगी भीषण आग: गैस सिलेंडर फटे

भीषण धमाका की आवाज से आस पास मची भगदड़,फैली दहशत

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली कस्बा के जवाहर रोड पर सोमवार की सुबह उस समय दहशत के साथ हडकम्प मच गया। जब एक चाय की दुकान में रखे दो गैस सिलेण्डरों में आग लग गयी। तेज धमाकेदार आवाज के साथ फटे एक सिलेण्डर की आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, कि दुकान में रखा सभी सामान आग में झुलस कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना पर पहुँची दमकल से कडी मशक्कत के बीच दीवार तोडकर करीब एक घण्टे में भीषण अग्निकाण्ड की घटना पर काबू पाया। हालांकि उक्त घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

नगर के जवाहर रोड स्थित एसएवी इण्टर कालेज के सामने शिवराम उर्फ शंकर टी स्टाल (नकली घोडा चाय) के नाम से एक दुकान संचालित है।

सोमवार की सुबह दुकानदार शिवराम सिंह रोज की भांँति अपना कार्य कर रहा था, इसी बीच अज्ञात कारणों के चलते अचानक अन्दर रखे दो सिलेण्डरों में आग लग गयी। सिलेण्डरों की आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया, कि तेज धुंआ के साथ उठी लपटों ने दुकान के अन्दर व बाहर रखा समस्त सामान अपनी चपेट में लेकर क्षतिग्रस्त कर दिया और दुकान भी जल गयी।

पीडित दुकानदार ने बताया कि उक्त सिलेण्डरों में एक भरा तथा एक खाली था। जबकि आग के कारण का पता नहीं लग सका। तेज धमाकेदार आवाज के साथ फटे सिलेण्डरों की आवाज से राहगीरों सहित आसपास के दुकानदारों सहित आम नागरिक और राहगीरों में हडकम्प मच गया।

घटना की सूचना पर पहुंँचे दमकल कर्मियों ने कडी मशक्कत के बीच दीवार तोडकर बमुश्किल करीब एक घण्टे में धधकती भीषण आग पर काबू पाया। पीडित ने बताया कि उक्त अग्निकाण्ड की घटना से उसका अनुमानित एक-सवा लाख रूपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर तहसीलदार दिलीप कुमार सिंह,पुलिस क्षेत्राधिकारी रामदवन मौर्य,थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह,चौकी इंचार्ज तन्मय चौधरी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँच गये।

Related Articles

Back to top button