धार्मिक पर्व सभी लोग शांति पूर्ण मनाएं: सीओ

कांवड़ यात्रा,सावन और चेहल्लुम को लेकर पीस कमेटी की बैठक संपन्न

जसवंतनगर,इटावा। आगामी कांवड़ यात्रा, सावन माह और चेहल्लुम के मद्देनजर सोमवार को थाना सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने की। उन्होंने कहा कि पर्वों के दौरान क्षेत्र में शांति,सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी तथा किसी भी स्थिति में माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

बैठक में तहसीलदार अभिजीत गौरव,थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी,कस्बा इंचार्ज, विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और सभासद मौजूद रहे। इस दौरान सदर बाजार में लगने वाले जाम की समस्या प्रमुखता से उठाई गई। सभासदों ने नगर की सफाई व्यवस्था में सुधार और नियमित सफाई कराने की मांग की। वहीं कुछ लोगों ने सावन माह में धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए मीट, मांस और अंडों की बिक्री पर रोक लगाने का सुझाव भी रखा।

क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने सभी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से उनके निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

Related Articles

Back to top button