रेलवे ट्रैक किनारे मिले युवक-युवती के शव: सनसनी

प्रेम-प्रसंग में आत्महत्या या हादसा ?पुलिस जांच में जुटी

जसवंतनगर,इटावा। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर स्थित सराय भूपत रेलवे स्टेशन के यार्ड में डाउन लाइन के खंभा संख्या 1164/14 के निकट शुक्रवार को एक अज्ञात युवक और एक युवती के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची,लेकिन घटनास्थल जीआरपी क्षेत्र में होने के कारण जांच की जिम्मेदारी जीआरपी इटावा ने संभाल ली।

उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना पर मौके का निरीक्षण किया गया। प्रथम दृष्टया दोनों मृतकों की उम्र करीब 22 से 23 वर्ष प्रतीत हो रही है। दोनों के शव रेलवे ट्रैक के किनारे पड़े मिले। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग के चलते चलती ट्रेन से कूदकर आत्महत्या किए जाने का प्रतीत हो रहा है।

हालांकि पुलिस दूसरे पहलू पर भी जांच कर रही है। संभावना यह भी जताई जा रही है कि युवक और युवती ट्रेन में खिड़की के पास बैठे थे। इसी दौरान नींद का झोंका आने से युवती नीचे गिर गई और उसे बचाने के प्रयास में युवक भी ट्रेन से नीचे गिर गया। फिलहाल पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी बिंदुओं की गहनता से जांच कर रही है।

जीआरपी इटावा ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की शिनाख्त नहीं होने के कारण दोनों शवों को पहचान के लिए 72 घंटे तक सुरक्षित पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है। पुलिस आसपास के जनपदों के थानों से भी संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है। घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button