ईश्वर की भक्ति सदैव सकारात्मकता ही प्रदान करती है

भरथना,इटावा। श्रावण मास में की गई शिव स्तुति सदैव कल्याणकारी होती है। देवों के देव महादेव बडे ही दयालु व कृपालु हैं। वह वास्तविकता में भोले हैं,इसीलिए सम्पूर्ण जगत उन्हें भोलेनाथ के नाम से स्मरण करता है। श्रद्धालु की सच्ची भक्ति व लगन से वह बहुत ही जल्द प्रसन्न होते हैं।

उक्त बात कस्बा के मुहल्ला जवाहर रोड मिडिल स्कूल प्रांगण स्थित श्री नर्मदेश्वर शिव मन्दिर पर चल रहे शिवपुराण महोत्सव के दौरान सन्त श्रीश्री 1008 महामण्डलेश्वर रामदास जी महाराज (श्री दंदरौआ धाम) ने उपस्थित श्रद्धालुओं से कही।

उन्होंने कहा कि ईश्वर की भक्ति सदैव सकारात्मकता ही प्रदान करती है। कभी-कभी हम आपत्ति के समय विचलित हो जाते हैं। किन्तु प्रभु सदैव ही हमारे कष्टों का नाश करते हैं। इससे पहले महाराज जी ने मन्दिर में विराजमान समस्त दैवीय शक्तियों का पूजन अर्चन व दर्शन किया। तदुपरान्त मन्दिर समिति द्वारा उनका माल्यार्पण कर भक्तिपूर्ण माहौल में उनका स्वागत सम्मान किया। इस दौरान मन्दिर व्यवस्थापक गोपाल दीक्षित,पुजारी मुकेश दीक्षित,अनिल पाठक,अंकुर तिवारी, संजय चौहान,सुशान्त उपाध्याय,पंकज चौहान, श्यामू तिवारी,आशीष चौहान,राजीव यादव सहित कई श्रद्धालुओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

Related Articles

Back to top button