आकाशीय बिजली गिरने से किशोरी की मौत
खेत में पिता के साथ धान की रोपाई कर रही थी 12 वर्षीय किशोरी

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर तहसील क्षेत्र के वैदपुरा थाना के नगला बंसी गांव में गुरुवार को दिन में करीब साढ़े 11 बजे खेत में धान की रोपाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। नगला बंसी निवासी गंगाराम जाटव की 12 वर्षीय पुत्री खुशबू अपने पिता के साथ खेत में धान की रोपाई कर रही थी। इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ा और आकाशीय बिजली गिरने से खुशबू उसकी चपेट में आ गई। बिजली की तेज चपेट से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर नायब तहसीलदार नेहा सचान और थाना प्रभारी हाकिम सिंह चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई कराई। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मासूम बेटी की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
फोटो:-मौके पर जाँच पड़ताल करती नायब तहसीलदार और भीड़।



