टेलीग्राम पर टास्क का झांसा देकर ठगी

भरथना,इटावा। टेलीग्राम पर टास्क पूरा कराने के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने के मामले में साइबर थाना पुलिस ने भरथना कोतवाली में एक खाता धारक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, थाना क्षेत्र के गाँव अदलीपुर के धीरज सिंह पर आरोप लगाया है कि साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक संदिग्ध बैंक खाते की जांच की गई।
जांच में सामने आया कि उक्त खाते में टेलीग्राम पर टास्क पूरा कराने का झांसा देकर एक पीड़ित से 25 मई 2025 को पहली बार 30,096 रुपये और 29 मई 2025 को दूसरी बार 30,096 रुपये यूपीआई के माध्यम से जमा कराए गए। इस तरह पीड़ित से कुल 60,192 रुपये की साइबर ठगी की गई।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि खाते में आई धनराशि का कुछ हिस्सा आजाद रोड चौराहा, भरथना स्थित एटीएम से निकाला गया। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया खाता धारक और उसके अन्य साथी टेलीग्राम पर टास्क पूरा कराने का लालच देकर लोगों से ऑनलाइन धोखाधड़ी कर रहे थे। पुलिस ने संबंधित खाता धारक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



