Nepal के 35 जिलों में बाढ़ का अलर्ट, नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील

काठमांडू, 19 जुलाई । नेपाल के बाढ़ पूर्वानुमान महाशाखा ने रविवार को देश के 35 जिलों में बाढ़ की आशंका जताते हुए नदी तटीय और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
महाशाखा के अनुसार काठमांडू, भक्तपुर और ललितपुर समेत 35 जिलों में नदियों के जलस्तर में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। जारी बुलेटिन में कहा गया है कि झापा, मोरंग, सुनसरी, इलाम, पाँचथर, तेह्रथुम, दोलखा, सिन्धुपालचोक, काभ्रेपलाञ्चोक, काठमांडू, भक्तपुर, ललितपुर, धादिङ, मकवानपुर और चितवन जिलों की छोटी नदियों में जलप्रवाह तेजी से बढ़ सकता है।
इसी प्रकार कास्की, तनहुँ, स्याङ्जा, पर्वत, बागलुङ, गुल्मी, पाल्पा, अर्घाखाँची, प्युठान, नवलपरासी (पूर्व), नवलपरासी (पश्चिम), रुपन्देही, कपिलवस्तु, दाङ, बाँके, बर्दिया, डोटी, डडेलधुरा, कैलाली और कञ्चनपुर जिलों की नदियों के जलस्तर में भी वृद्धि की संभावना व्यक्त की गई है।
महाशाखा ने इन जिलों में अचानक आने वाली बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का मध्यम स्तर का जोखिम बताया है। साथ ही नदी किनारे बसे लोगों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के निवासियों से सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से नदी के आसपास जाने से बचने तथा स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।



