चलती ट्रेन-प्लेटफॉर्म के बीच गिरा पति : हाथ कटा
पत्नी-सास को ट्रेन में चढ़ाने में घटित हुआ दर्दनाक हादसा

भरथना,इटावा। दिल्ली हावड़ा रेलवे ट्रैक अन्तर्गत भरथना रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की सुबह चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा घटित हो गया। ट्रेन में चढ़ते समय पत्नी और सास का संतुलन बिगड़कर गिरने पर उन्हें बचाने के प्रयास में एक पति ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरा,जिससे उसका मौके पर ही एक हाथ कट गया। हादसे में उसकी पत्नी और सास भी मामूली चोटिल हो गईं। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पति को इलाज के लिए सैफई पीजीआई रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, चकरनगर थाना क्षेत्र के ग्राम डीभौली निवासी ब्रह्मशंकर सुबह अपनी पत्नी शकुंतला देवी और सास स्मृति देवी के साथ सुपरफास्ट आगरा-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन से रूरा जा रहे थे,ब्रह्मशंकर को अपनी बहन के घर रूरा पहुंचना था।
सुबह करीब पौने 8 बजे ट्रेन भरथना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-दो से जैसे ही रवाना होने लगी। इसी दौरान ब्रह्मशंकर जल्दबाजी में अपनी पत्नी शकुंतला देवी और सास को ट्रेन में चढ़ाने का प्रयास करने लगा जिसमें पति ब्रह्मशंकर का
संतुलन बिगड़ गया और ब्रह्मशंकर चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म की बीच गिर गया,जिसमें उसका एक हाथ कट गया। घटना से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। दोनों ने तत्काल राहत कार्य करते हुए गंभीर रूप से घायल ब्रह्मशंकर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया,जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए सैफई पीजीआई रेफर कर दिया। वहीं शकुंतला देवी और उनकी मां का भी उपचार किया गया। दोनों को मामूली चोटें आई हैं।
घायल की पत्नी शकुंतला देवी ने बताया कि परिवार रूरा जाने के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस पकड़ रहा था। ट्रेन के चलने के दौरान जल्दबाजी में चढ़ने की कोशिश में वह और उनकी मां प्लेटफॉर्म पर गिर गईं। उन्हें बचाने के लिए पति आगे बढ़े,लेकिन वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गए,जिससे उनका एक हाथ कट गया।



