ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत
सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर अधेड़ की मौत, 72 घंटे तक शिनाख्त का इंतजार

जसवंतनगर,इटावा। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर सोमवार को सीमांचल एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक अज्ञात अधेड़ की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद शिनाख्त के लिए 72 घंटे तक पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवा दिया है।
रेलवे से प्राप्त मेमो के अनुसार डाउन लाइन पर रेलवे खंभा संख्या 1168/8-12 के बीच, नगला भीखन गांव के पास स्थित रेलवे फाटक संख्या 32-सी के निकट ट्रेन संख्या 12488 सीमांचल एक्सप्रेस से कट जाने के कारण करीब 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई।
मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। वह दोहरे बदन का, सांवले रंग का था। उसने फिरोजी रंग की टी-शर्ट और काले रंग का लोअर पहन रखा था।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पहचान नहीं होने के कारण शव को 72 घंटे तक शिनाख्त के लिए पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।


