बेटी को बचाने गए पिता को पीटा
पानी भरने को लेकर पति-पत्नी में हुआ विवाद

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम जनकपुर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी विवाहित पुत्री के साथ ससुराल में मारपीट किए जाने तथा बीच-बचाव करने पर स्वयं के साथ भी मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के ग्राम जनकपुर निवासी उदयवीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री साधना का विवाह ग्राम खेड़ा बुजुर्ग निवासी विमल कुमार के साथ हुआ है। आरोप है कि वह अपनी पुत्री के घर गया हुआ था। इसी दौरान साधना ने अपने पति विमल कुमार से पानी भरने के लिए कहा,जिस पर वह कथित रूप से आगबबूला हो गया और पत्नी के साथ मारपीट करने लगा।उदयवीर का आरोप है कि जब उन्होंने बीच-बचाव कर पुत्री को बचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित ने थाना पहुंचकर आरोपी के विरुद्ध तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
थानाध्यक्ष कमल भाटी के अनुसार पीड़िता साधना का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे,उनके आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



