यमुना में डूबे दूसरे किशोर का दूसरे दिन भी नह मिला सुराग

24 घंटे से एसडीआरएफ पीएसी और गोताखोर लगे खोज में

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के गांव खंदिया के समीप यमुना नदी में नहाते समय डूबे 10 वर्षीय किशोर निखिल का 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका। सोमवार शाम हुई घटना के बाद से एसडीआरएफ,पीएससी स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार खोजबीन में जुटी रही,लेकिन मंगलवार शाम तक किशोर का पता नहीं चल सका।वहीं घटना में डूबे 12 वर्षीय मयंश को सोमवार को ही सर्च ऑपरेशन के दौरान खोज लिया गया था।अस्पताल में मयंश को मृत घोषित कर दिया गया था।जबकि तीसरा किशोर सूरज किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया था।

सोमवार दोपहर बाद तीनों दोस्त किशोर गांव खंदिया के पास यमुना किनारे जानवर चराने गए थे। इसी दौरान नदी में नहाते समय तीनों गहरे पानी में डूबने लगे। सूरज पुत्र रामगोपाल किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आया था। निखिल की तलाश में मंगलवार सुबह से ही एसडीआरएफ,स्थानीय गोताखोरों और पुलिस ने यमुना नदी में करीब 20 किलोमीटर तक सर्च ऑपरेशन चलाया,लेकिन निखिल का कोई पता नहीं चल सका।

घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। निखिल के पिता ब्रजेश दिल्ली में ओला कैब चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में पत्नी यावती देवी, बड़ा बेटा निखिल, छोटा बेटा नैतिक तथा दो बेटियां हैं। बड़े बेटे के लापता होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता पूरी रात यमुना किनारे बेटे के मिलने की आस में टकटकी लगाए बैठे रहे और बार-बार बेसुध हो जाते रहे।मौके पर क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह,नायब तहसीलदार नेहा सचान, जसवंतनगर थाना प्रभारी कमल भाटी,बलरई थाना प्रभारी कृपाल सिंह, आगरा जनपद के चित्राहाट थाना प्रभारी तथा बाह तहसीलदार भी मौजूद रहे और राहत एवं खोज अभियान की निगरानी करते रहे। अधिकारियों के अनुसार सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button