भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप
पीड़ित ने लगाई नायब तहसीलदार से न्याय की गुहार,जांच का मिला आश्वासन

जसवंतनगर,इटावा। जसवन्तनगर विकासखंड क्षेत्र के ग्राम बलैयापुर निवासी मनोज बाबू कठेरिया ने अपनी पैतृक भूमि पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत करते हुए तहसील प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने नायब तहसीलदार नेहा सचान को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उसकी भूमि पर लंबे समय से कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है और कई बार अनुरोध के बावजूद जमीन खाली नहीं की जा रही है।
पीड़ित के अनुसार जब भी वह अपनी भूमि वापस करने की बात करता है तो आरोपित उसे धमकाते हुए कहते हैं कि जहां शिकायत करनी हो कर लो, जमीन खाली नहीं करेंगे। इससे वह लगातार मानसिक रूप से परेशान है।
मनोज बाबू कठेरिया ने बताया कि वह इस मामले की शिकायत पूर्व में मंडलायुक्त कानपुर और जिलाधिकारी इटावा से भी कर चुका है, लेकिन अब तक उसे कोई राहत नहीं मिल सकी। न्याय न मिलने पर उसने एक बार फिर तहसील प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है।
नायब तहसीलदार नेहा सचान ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित को न्याय दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि उसकी भूमि को शीघ्र कब्जामुक्त कराकर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाए,ताकि उसे अपनी पैतृक संपत्ति का अधिकार मिल सके।



