48 मेधावी विद्यार्थियों को साइकिल देकर किया सम्मानित

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर के चौ.सुघर सिंह इंटर कॉलेज द्वारा आयोजित मेधा सम्मान समारोह–2026 में 48 मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए साइकिल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल कुमार सिंह ने मेधावी विद्यार्थियों को साइकिल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम,अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा सभी सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं।
संस्था के प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव ने कहा कि चौ.सुघर सिंह इंटर कॉलेज सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ प्रतिभाओं के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध रहा है। विद्यार्थियों की उपलब्धियाँ पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय हैं। संस्था भविष्य में भी मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे सम्मान समारोह आयोजित करती रहेगी।
प्रधानाचार्य रविन्द्र सिंह ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थी भविष्य में भी विद्यालय एवं समाज का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम में संस्था के निदेशक डॉ.संदीप पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रबंध समिति के सदस्य अशांक हनी यादव, डॉ.रीमा मंडल,डॉ.प्रदीप यादव,मनीष चौधरी,गौरव भदौरिया एवं डॉ.आस्था त्रिपाठी सहित समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ उपस्थित रहे। सभी ने मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का समापन सभी सम्मानित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देने के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि ये विद्यार्थी भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय का नाम निरंतर रोशन करेंगे।



