खेत में धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से वृद्ध महिला की मौत, सात लोग झुलसे

सुल्तानपुर। जनपद के बंधुआकला थाना क्षेत्र के धारूपुर गांव में बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। खेत में धान की रोपाई कर रहे लोगों पर अचानक बिजली गिरने से एक वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग झुलस गए। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी ग्रामीण खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। इसी दौरान मौसम खराब होने लगा| इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से पियारी (65) की मौके पर मौत हो गई, जबकि जयसिंह, चांदनी, मुस्कान, जाह्नवी, छत्रपाल, आदित्य, उदयराज और प्रानदेई झुलसकर घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बंधुआकला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुड़वार भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम और गरज-चमक के दौरान खुले खेतों या पेड़ों के नीचे काम करने से बचने की अपील की है।



