दो बाइकों की भिड़ंत में बुजुर्ग की मौत, बाइक सवार तीन घायल

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के भदान-बलरई रोड पर गोपालपुर गांव जाने वाले कट के पास शुक्रवार देर रात को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।पुलिस ने क्षतिग्रस्त दोनों बाइक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है।
थानाध्यक्ष कृपाल सिंह ने बताया कि ग्राम बिहारीपुरा निवासी शिवम पुत्र प्रभास कुमार अपनी मां पूजा और बहन मुस्कान के साथ मोटरसाइकिल से बलरई की ओर से भदान स्थित रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान भदान की ओर से बलरई जा रहे दूसरी मोटरसाइकिल सवार ग्राम नगला कुंदी, थाना बलरई निवासी 65 वर्षीय अजीत सिंह पुत्र बाबूराम की बाइक से गोपालपुर कट के पास आमने-सामने की टक्कर हो गई।हादसे में पूजा और अजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मुस्कान को भी चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अपनी जीप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर पहुंचाया, जहां डॉ. वीरेंद्र सिंह ने अजीत सिंह को मृत घोषित कर दिया।



