गंगा सेवी एवं साहित्य सेवी सम्मान से सम्मानित हुए डॉ. सौरभ मिश्र विनम्र

सुल्तानपुर। सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कटका क्लब सामाजिक संस्था के अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र ‘विनम्र’ को उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित दिव्य गंगा सेवा मिशन द्वारा “गंगा सेवी सम्मान” एवं “साहित्य सेवी सम्मान” से सम्मानित किया गया।
डॉ. सौरभ मिश्र मूल रूप से गाना मिश्र के पुरवा, कटका के निवासी हैं। उन्होंने समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, यातायात जागरूकता, रक्तदान, पक्षी संरक्षण सहित अनेक जनहित कार्यों के माध्यम से समाज में अपनी अलग पहचान बनाई है। इसके साथ ही वे निरंतर कवि सम्मेलनों एवं साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर हिंदी साहित्य के प्रचार-प्रसार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
यह सम्मान दिव्य गंगा सेवा मिशन के राष्ट्रीय संयोजक केशव पांडेय एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश दुबे द्वारा उन्हें प्रदान किया गया। संस्था ने उनके सामाजिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे युवाओं के प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
सम्मान प्राप्त होने पर डॉ. सौरभ मिश्र ‘विनम्र’ ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि कटका क्लब सामाजिक संस्था के प्रत्येक सदस्य एवं उन सभी सहयोगियों का है, जो निस्वार्थ भाव से समाजहित के कार्यों में निरंतर सहयोग करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी जनसेवा, पर्यावरण संरक्षण और साहित्य के क्षेत्र में और अधिक सक्रिय होकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
डॉ. सौरभ मिश्र को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान पर क्षेत्र के सामाजिक, साहित्यिक एवं राजनीतिक लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।



