जगद्गुरु शंकराचार्य ने अरविंद कुमार सिंह को सौंपा गौ सेवा मिशन का दायित्व

गाजियाबाद। कविनगर स्थित आप का भवनव में आयोजित भव्य धर्मसभा एवं अभिनंदन समारोह में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अभिमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज ने गौ संरक्षण, गौ संवर्धन एवं गौ सेवा के जनजागरण अभियान को गति प्रदान करने हेतु श्री अरविंद कुमार सिंह को गौ सेवा मिशन का प्रतिनिधि नियुक्त करने की घोषणा की। श्री सिंह क्राउड फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी तथा नारायण अन्न सेवा से जुड़े हुए हैं।
अपने आशीर्वचन में जगद्गुरु शंकराचार्य ने कहा कि गौ सेवा सनातन धर्म की आधारशिला है। गौ रक्षा, गौ संवर्धन तथा गौ-आधारित ग्राम विकास भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा के महत्वपूर्ण अंग हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।नवनियुक्त प्रतिनिधि अरविंद कुमार सिंह ने इस दायित्व के लिए जगद्गुरु शंकराचार्य का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे पूर्ण निष्ठा, समर्पण और सेवा भाव के साथ गौ सेवा मिशन को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने बताया कि नारायण अन्न सेवा का उद्देश्य केवल जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाना ही नहीं, बल्कि गौ सेवा, मानव सेवा और सनातन मूल्यों के संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना भी है। संस्था का लक्ष्य प्रतिदिन 10 लाख जरूरतमंद लोगों तक भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ गौ सेवा एवं गौ संरक्षण को देशव्यापी अभियान के रूप में स्थापित करना है।कार्यक्रम में संत-महात्माओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने गौ सेवा, अन्नदान और समाज कल्याण के कार्यों को और अधिक गति देने का संकल्प लिया। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने जगद्गुरु शंकराचार्य का आशीर्वाद प्राप्त किया।नारायण अन्न सेवा के प्रमुख संकल्प प्रतिदिन 10 लाख जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाना।गौ सेवा एवं गौ संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना।
सेवा, संस्कार और सनातन मूल्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करना।
इस अवसर पर “गौ सेवा ही धर्म सेवा है”, “अन्नदान महादान है” तथा “नर सेवा ही नारायण सेवा है” जैसे प्रेरक संदेशों के माध्यम से समाज को सेवा, संस्कार और राष्ट्रहित के मार्ग पर चलने का आह्वान किया गया



