सड़क किनारे मिला अलीगढ़ के युवक का शव, हत्या की सूचना से दौड़ी पुलिस,खुली दूसरी कहानी

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में क्षेत्राधिकारी,प्रभारी निरीक्षक,अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची,लेकिन घटनास्थल पर जांच के दौरान मामला हत्या से अधिक सड़क दुर्घटना से जुड़ा नजर आया। हालांकि पुलिस ने मौत के कारणों की पुष्टि के लिए सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार चन्द्रपुरा-मानिकपुर मार्ग स्थित नगला पीपल मोड़ के पास सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली कि अलीगढ़ निवासी युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई है और उसका शव सड़क किनारे पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि नगला पीपल मोड़ से करीब 200 मीटर अंदर एक विद्युत पोल के पास 35 वर्षीय अजय उर्फ लालू पुत्र राधेश्याम निवासी खुशीपुरा थाना दादों जनपद अलीगढ़ का शव पड़ा हुआ था। शव के निकट उसकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। बाइक के अगले,पिछले और बाएं हिस्से में नुकसान के निशान पाए गए।
पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि जिस स्थान पर शव मिला,वहां बरसात का पानी भरा हुआ था। मृतक के बहनोई वीरेन्द्र यादव निवासी नगला पीपल के परिवार की महिलाओं ने शव को पानी से निकालकर सड़क किनारे रखा था। वहीं पुलिस रिकॉर्ड में यह भी पाया गया कि हत्या की सूचना से कुछ मिनट पहले ही इसी स्थान पर दुर्घटना होने की सूचना पीआरवी को दी गई थी।
प्रारंभिक जांच में मामला सड़क हादसे की ओर इशारा करता दिख रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच का इंतजार कर रही है। मृतक अजय अपने रिश्तेदारों के यहां आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने इटावा आया था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस हर पहलू की गहनता से पड़ताल कर रही है।



