सफारी और इको कार की भिड़ंत में सात घायल
सगाई समारोह से अपने घर लौट रहे थे इको सवार

जसवंतनगर,इटावा। बीती शनिवार देर रात को बलरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत इटावा कचौरा घाट-आगरा मार्ग पर यमुना नदी पुल से पहले स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने एक सड़क हादसे में ईको और टाटा सफारी कार की आमने-सामने की जबरदस्त भिडंत में सात लोग गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार शनिवार को ईको कार सवार लोग आगरा में आयोजित एक सगाई समारोह में शामिल होकर वापस अपने घर इटावा की तरफ लौट रहे थे।
देर रात जैसे ही उनकी कार यमुना पुल के पास पहुंची, सामने से आ रही टाटा सफारी से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।हादसे में ईको चालक कविन्द्र राजपूत 31 निवासी नगला दिलीप नगर महेवा, अखिलेश कुमार 45 निवासी आनेपुर महेवा, अशोक कुमार 55 व उनकी पत्नी विमलेश 50 निवासी दिवियापुर जनपद औरैया, राजकुमारी 50।तथा प्रबल प्रताप 52 निवासी राहतपुरा इटावा घायल हो गए। वहीं टाटा सफारी चालक जितेंद्र सिंह 35 निवासी ग्राम बाउथ थाना बलरई भी गंभीर रूप से घायल हो गये।
सूचना पर पहुँचे बलरई थानाध्यक्ष कृपाल सिंह,लखेरे कुआँ चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।जहाँ पर केंद्र अधीक्षक डॉ. वीरेन्द्र सिंह व फार्मासिस्ट भूपेंद्र सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया।परिजन सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए अपने साथ ले गए।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर बाधित हो रहे यातायात को सुचारु कराया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



