सड़क-नाली विवाद में खूनी संघर्ष, चली कुल्हाड़ी लाठी-डंडे:12 घायल
नगला महानंद गांव की पंचायत में भड़का विवाद, कुल्हाड़ी चलने से पांच गंभीर

चकरनगर,इटावा। चकरनगर थाना क्षेत्र के दो गांवों में सड़क और नाली विवाद को लेकर हुए अलग-अलग संघर्षों में कुल्हाड़ी व लाठी-डंडे चलने से 12 लोग घायल हो गए। इनमें पांच घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
थाना चकरनगर के ग्राम नगला महानंद में सड़क को लेकर सगे भाइयों ज्ञान सिंह और धर्म सिंह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे मामले के निस्तारण के लिए ग्रामीणों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में पंचायत बैठी थी। इसी दौरान कहासुनी बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि एक युवक ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया,जिससे धर्म सिंह, प्रदीप सिंह,केशव सिंह और पत्रकार मुकेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरे पक्ष के ज्ञान सिंह भी चोटिल हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस सभी घायलों को सीएचसी चकरनगर ले गई,जहां से चिकित्सकों ने धर्म सिंह,प्रदीप,केशव सिंह, मुकेश यादव और ज्ञान सिंह को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उधर,ग्राम मितरौल में बुधवार रात करीब 10 बजे नाली के विवाद को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद लाठी-डंडे चल गए। संघर्ष में एक पक्ष के सौरभ, शिवमोहन,जनवेद और कालीचरन घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष के विशाल,उजागर सिंह और शारदा देवी को चोटें आईं। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया,जहां शारदा देवी की हालत गंभीर बताई गई।
प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा ने बताया कि दोनों मामलों में घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।



