सैफई का सुपर स्पेशलिटी अस्पताल अब भी अधूरा: उदयभान

भाजपा विज्ञापनों में दिखा रही है विकास

इटावा। इटावा समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता उदयभान सिंह यादव ने भाजपा सरकार पर विकास कार्यों के नाम पर केवल प्रचार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि गत दिवस विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित सरकारी विज्ञापनों में इटावा के विकास कार्यों का बखान किया गया है और 500 बेड के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल को प्रमुखता से दिखाया गया है,जबकि जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। अस्पताल का उद्घाटन हुए ढाई वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन आज तक वहां पूर्ण चिकित्सा सेवाएं शुरू नहीं हो सकी हैं।

उदयभान सिंह यादव ने कहा कि 6 मार्च 2024 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सैफई पहुंचकर 500 बेड सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया था। उस समय इसे प्रदेश और आसपास के जनपदों के मरीजों के लिए बड़ी सौगात बताया गया था,लेकिन जून 2026 तक अस्पताल केवल ओपीडी सेवा तक सिमटा हुआ है। मरीजों को भर्ती,सर्जरी,आईसीयू और सुपर स्पेशलिटी उपचार जैसी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार फीता काटने और विज्ञापन छपवाने में आगे है,लेकिन योजनाओं को धरातल पर उतारने में पूरी तरह विफल रही है।

सपा नेता उदयभान ने कहा कि सबसे हैरानी की बात यह है कि उद्घाटन के ढाई वर्ष बाद भी निर्माण एजेंसी कार्यदायी संस्था द्वारा अस्पताल भवन विश्वविद्यालय प्रशासन को पूरी तरह हैंडओवर नहीं किया गया है। ऐसे में जिस परियोजना को सरकार अपनी बड़ी उपलब्धि बताकर प्रचारित कर रही है,वह आज भी अधूरी स्थिति में खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भवन निर्माण की गुणवत्ता और कार्यों को लेकर पहले भी विभिन्न स्तरों पर सवाल उठते रहे हैं,लेकिन सरकार ने कभी गंभीरता से जवाब नहीं दिया।

सपा नेता ने कहा कि समाजवादी सरकार के दौरान इस महत्वाकांक्षी परियोजना की नींव रखी गई थी और इसे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव लाने वाली योजना के रूप में तैयार किया गया था। लेकिन भाजपा सरकार ने वर्षों तक निर्माण कार्य को लटकाए रखा। आज स्थिति यह है कि करोड़ों रुपये खर्च होने और उद्घाटन हो जाने के बाद भी अस्पताल पूरी क्षमता से संचालित नहीं हो पाया है।

उन्होंने कहा कि यदि अस्पताल समय पर शुरू हो गया होता तो इटावा, मैनपुरी,औरैया,कन्नौज, फर्रुखाबाद समेत आसपास के कई जिलों के मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिल रही होतीं। कैंसर,हृदय रोग, किडनी रोग और अन्य जटिल बीमारियों के मरीजों को बड़े शहरों की ओर नहीं भागना पड़ता। लेकिन सरकार की लापरवाही का खामियाजा आम जनता भुगत रही है।

उदयभान सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार विकास के नाम पर केवल विज्ञापनों में करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। जनता अब दावों और प्रचार से नहीं,बल्कि वास्तविक स्थिति से सरकार का मूल्यांकन कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की तस्वीरें विज्ञापनों में छापी जा रही हैं, वही अस्पताल सरकार के विकास मॉडल की वास्तविकता को उजागर कर रहा है।

उन्होंने मांग की कि सरकार अस्पताल को तत्काल पूर्ण रूप से हैंडओवर कराकर सभी विभागों,भर्ती सेवाओं,ऑपरेशन थिएटरों और सुपर स्पेशलिटी इकाइयों का संचालन शुरू कराए ताकि क्षेत्र की जनता को बहुप्रतीक्षित स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। साथ ही निर्माण कार्यों और परियोजना में हुई देरी की भी जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

Related Articles

Back to top button