ग्रेट निकोबार के जंगल बचाने को कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान शुरू

मऊ। जिला कांग्रेस कमेटी मऊ ने ग्रेट निकोबार द्वीप के जंगलों को बचाने के लिए हस्ताक्षर अभियान शुरू करने की घोषणा की है। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजमंगल यादव ने प्रेस बयान जारी कर केंद्र सरकार की प्रस्तावित परियोजना का विरोध जताया।

राजमंगल यादव ने कहा कि ग्रेट निकोबार द्वीप के लगभग 161 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले अछूते जंगल पर्यावरण, जैव विविधता और आदिवासी समुदायों की जीवनशैली के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस क्षेत्र को बड़े औद्योगिक और व्यावसायिक प्रोजेक्ट्स के लिए उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है, जिससे प्राकृतिक संसाधनों और स्थानीय निवासियों के हितों को नुकसान पहुंच सकता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी इस मुद्दे को लेकर देशभर में जनजागरण अभियान चला रही है। उनका कहना था कि यह जंगल दिल्ली के क्षेत्रफल से लगभग चार गुना बड़ा है और इसे संरक्षित रखना आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए आवश्यक है।

राजमंगल यादव ने बताया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी मऊ द्वारा 8 जून से 15 जून 2026 तक पूरे जिले में वृहद हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता गांवों, कस्बों और मोहल्लों में जाकर लोगों को जागरूक करेंगे तथा उनसे हस्ताक्षर कराकर समर्थन प्राप्त करेंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान एकत्र किए गए सभी हस्ताक्षरों को 17 जून 2026 तक प्रदेश कांग्रेस कमेटी, लखनऊ भेजा जाएगा। इसके माध्यम से केंद्र सरकार तक जनता की आवाज पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जनपद के नागरिकों, पर्यावरण प्रेमियों, युवाओं और बुद्धिजीवियों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह केवल जंगल बचाने का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की लड़ाई है।

इस अवसर पर उदय प्रताप राय, मनोज गिहार, हफिजुर्रहमान अंसारी, शाहिद फारूकी, प्रमोद सिंह, सचितानंद राय, रामकेश पटेल, रत्नेश राय, सुहैल अहमद, सुरेश राजभर, प्रेमशीला, साधना श्रीवास्तव, राबिया खातून, आरती, अजय सिंह, आशीष कुमार राय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button