शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप

युवक पर मुकदमा दर्ज

जसवंतनगर,इटावा। नगर क्षेत्र के रामलीला रोड निवासी एक युवती ने फक्कड़पुरा निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, धोखाधड़ी, मारपीट, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार फक्कड़पुरा निवासी कृष्णा कुमार पुत्र श्याम सुंदर ने स्वयं को अविवाहित बताकर उससे प्रेम संबंध स्थापित किए और शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसे पता चला कि आरोपी पहले से विवाहित है। सच्चाई सामने आने पर उसने उससे दूरी बना ली, जिससे आरोपी नाराज हो गया और उसके भाई समेत पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगा।

युवती ने तहरीर में बताया कि 28 मई को वह दयाल लाइब्रेरी के पास पढ़ने जा रही थी, तभी आरोपी मोटरसाइकिल से वहां पहुंच गया और शादी के लिए दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज करते हुए अभद्र व्यवहार किया।

आरोप है कि उसी दिन दोपहर में नेशनल हाईवे स्थित एक होटल के पास आरोपी ने उसे रोक लिया और मारपीट करते हुए छेड़छाड़ की। पीड़िता का कहना है कि घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने भी पूरा घटनाक्रम देखा। पीड़िता ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button