हेल्थ कैंप में ढाई सैकड़ा मरीजों का हुआ परीक्षण
कल्याणपुर राहीन में यूपीयूएमएस सैफई ने लगाया निःशुल्क मेडिकल हेल्थ कैंप

इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय यूपीयूएमएस, सैफई द्वारा माननीय कुलपति प्रो० डॉ.अजय सिंह के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय की विलेज आउटरीच कमेटी के तत्वावधान में शुक्रवार, को ग्राम कल्याणपुर राहीन में एक व्यापक मेडिकल हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा जनसामान्य को विभिन्न रोगों के प्रति जागरूक करना रहा।
इस हेल्थ कैंप में मेडिसिन, सर्जरी,आर्थोपेडिक,नेत्र रोग,ईएनटी,डेंटल, पीडियाट्रिक,महिला एवं प्रसूति रोग,पीएमआर, ऑप्टोमेट्री विभाग सहित “स्पेशलाइज्ड पैथोलॉजी ऑन व्हील्स” के अंतर्गत पैथोलॉजी,बायोकेमिस्ट्री एवं माइक्रोबायोलॉजी विभाग के चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों एवं पैरामेडिकल कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान श्रीमती नीतू यादव एवं विलेज आउटरीच कमेटी के प्रभारी डॉ.अजय गुप्ता द्वारा फीता काटकर किया गया। ग्राम प्रधान ने विश्वविद्यालय एवं कुलपति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर जनहित में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से “पैथोलॉजी ऑन व्हील्स” अभियान की सराहना करते हुए कहा कि गांव-गांव जाकर निःशुल्क रक्त जांच उपलब्ध कराना कुलपति महोदय के दूरदर्शी नेतृत्व का उत्कृष्ट उदाहरण है।
कैंप में लगभग 225 से अधिक मरीजों का विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मरीजों को चिकित्सीय परामर्श प्रदान करने के साथ-साथ आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण भी किया गया। इसके अतिरिक्त 200 से अधिक मरीजों के ब्लड टेस्ट एवं अन्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किए गए।
इस अवसर पर अत्यधिक गर्मी एवं हीट वेव से बचाव को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। ग्रामीणों एवं किसानों को दिन के उपयुक्त समय में कृषि कार्य करने, शरीर को हाइड्रेट रखने तथा गर्मी से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही ओआरएस के सैंपल भी वितरित किए गए।
कैंप के दौरान 25 मई से 31 मई तक मनाए जा रहे “तंबाकू निषेध सप्ताह” के अंतर्गत तंबाकू एवं गुटखा सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया तथा ग्रामवासियों को तंबाकू सेवन न करने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कमेटी सदस्य डॉ. राजमंगल यादव, डॉ. प्रवेश सिंह, सीनियर एमएसएसओ मनोज मौर्य, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर प्रमोद शर्मा एवं श्रीमती दिव्या यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



