49 वर्षों से निभाई जा रही रामलीला की परंपरा

भव्य मंचन से शुभारंभ हुआ रामलीला का मंचन

जसवंतनगर,इटावा।बीहड़ी क्षेत्र के नगला तौर गांव में 49 वर्षों से लगातार चली आ रही पारंपरिक मंचीय रामलीला का रविवार रात भव्य शुभारंभ हुआ। भगवान श्रीराम के जीवन और आदर्शों पर आधारित रामलीला को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखाई दिया। शुभारंभ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

रामलीला के प्रथम दिन विकास पाठक ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान रामलीला समिति के प्रबंधक प्रेमकिशोर पाठक सहित समिति के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। आयोजकों ने अतिथियों का स्वागत किया। रामलीला के पहले दिन मंच पर नारद मोह और वेदमती की कथा का मंचन किया गया। कलाकारों की प्रस्तुति देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुटी।

गौरतलब है कि नगला तौर गांव में पिछले 49 वर्षों से निरंतर मंचीय रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामीण पीढ़ी-दर-पीढ़ी इस धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सत्य और धर्म का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाता है।

ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित होने वाली यह रामलीला क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बन चुकी है। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के माध्यम से गांव के लोग अपनी संस्कृति और पूर्वजों की विरासत से जुड़े हुए हैं।

Related Articles

Back to top button