गंगा दशहरा पर “नारायण अन्न सेवा” ने शुरू की मीठे पानी एवं शरबत सेवा

गाजियाबाद। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए क्राउड फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित “नारायण अन्न सेवा” अभियान के अंतर्गत गंगा दशहरा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं, राहगीरों एवं जरूरतमंद लोगों के लिए प्रतिदिन मीठे पानी एवं शरबत सेवा शुरू की गई है।संस्था द्वारा बताया गया कि गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में लोग तेज धूप और लू से प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे समय में ठंडा मीठा पानी उपलब्ध कराना मानवता और सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है।
इसी उद्देश्य से फाउंडेशन द्वारा विभिन्न स्थानों पर जगह-जगह प्याऊ (जल सेवा केंद्र) स्थापित किए जा रहे हैं, जहाँ राहगीरों, श्रमिकों, श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंद लोगों को प्रतिदिन ठंडा मीठा पानी और शरबत उपलब्ध कराया जाएगा।साथ ही लोगों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में वाटर कूलर स्थापना अभियान भी शुरू किया गया है। फाउंडेशन का उद्देश्य आने वाले दिनों में अधिक से अधिक सार्वजनिक स्थानों पर जल सेवा सुविधाएँ उपलब्ध कराना है।इस अवसर पर अरविंद कुमार सिंह ने कहा, “गंगा दशहरा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, करुणा और मानवता का संदेश भी देता है।
भीषण गर्मी में प्यासे लोगों को मीठा पानी उपलब्ध कराना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। ‘नारायण अन्न सेवा’ का उद्देश्य केवल भोजन सेवा तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक राहत, करुणा और मानवता पहुँचाना है।उन्होंने आगे कहा, “हर जरूरतमंद में नारायण का वास है। यदि हम किसी प्यासे और भूखे व्यक्ति की सेवा करते हैं, तो वह सच्चे अर्थों में मानवता और धर्म की सेवा है।संस्था ने बताया कि आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में और अधिक प्याऊ केंद्र एवं वाटर कूलर स्थापित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक राहत पहुँचाई जा सके। साथ ही समाज के लोगों से भी इस सेवा अभियान से जुड़ने और मानवता की इस पवित्र यात्रा में सहयोग देने की अपील की गई है।



