साबुन फैक्ट्री की आड़ में नकली घी निर्माण और अवैध बूचड़खाने का आरोप, जिलाधिकारी से जांच की मांग

बुलन्दशहर। स्याना रोड स्थित दौलत धर्मकांटे के पास हनुमान मंदिर वाली गली में संचालित एक कथित साबुन फैक्ट्री पर मवेशियों की चर्बी से नकली घी बनाने एवं अवैध बूचड़खाना चलाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले को लेकर क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर उच्चस्तरीय जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फैक्ट्री में बड़ी-बड़ी कढ़ाइयों में चर्बी को गर्म कर नकली घी तैयार किया जा रहा है, जिससे पूरे इलाके में भारी दुर्गंध और प्रदूषण फैल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वातावरण दूषित होने से बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है और आसपास रहना मुश्किल हो चुका है।
क्षेत्रवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि उक्त स्थान पर भट्टा मालिकों की मिलीभगत से अवैध बूचड़खानों का संचालन किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियों से धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं तथा क्षेत्र में साम्प्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने संबंधित विभागों पर सांठगांठ का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायत में मोबीन पुत्र झबरू, यूसुफ पुत्र मैम्बर सगीर, रिजवान एवं फहजान पुत्र मोबीन, निवासी पुराना बाजार हापुड़ के नाम शामिल बताए गए हैं। क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से जनहित, कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।



