ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
जसवंतनगर के युवक का फिरोजाबाद में हुआ ट्रेन हादसा

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम तमेरा निवासी एक युवक की फिरोजाबाद में ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा।
जानकारी के अनुसार ग्राम तमेरा निवासी 26 वर्षीय अवशांत उर्फ नीतू पुत्र मुकेश बाबू सोमवार रात करीब 11 बजे फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन के मालगोदाम के पास ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया है कि मृतक फिरोजाबाद के नगला पिपरिया क्षेत्र के साथी मार्ग पर रहकर माईसेम सीमेंट की सप्लाई का काम करता था। घटना के समय वह किसी कार्य से रेलवे ट्रैक के पास पहुंचा था, तभी हादसा हो गया।
मृतक अविवाहित था। परिजनों के अनुसार उसके पिता मुकेश बाबू मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर बताई जा रही है। मृतक दो भाइयों में छोटा था, जबकि बड़ा भाई प्रशांत भी मेहनत-मजदूरी कर परिवार का सहारा बना हुआ है।
घटना के बाद मृतक की मां सुमन देवी, पिता मुकेश बाबू और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। मंगलवार शाम करीब तीन बजे जैसे ही युवक का शव गांव तमेरा पहुंचा, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।



