नगर में कराटे, डांस व योग कक्षायें होंगी संचालित
बालिकाओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता व साहसिक बनाना मुख्य उद्देश्य

भरथना,इटावा। बालिकाओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता व साहसिक गतिविधियों के उद्देश्य से नगर में कराटे,डांस व योग की कक्षायें संचालित की जायेगीं। नगर में बालिकाओं के लिए सुरक्षित व सशक्त भविष्य की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
उक्त आशय की जानकारी शक्ति योग,कराटे व डांस केन्द्र की संचालिका निशि पाण्डेय ने देते हुए बताया कि कराटे,डांस और योग कक्षाओं के माध्यम से बालिकाओं की सुरक्षा, आत्मरक्षा और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के लिए यह प्रथम प्रयास है। उक्त संस्थान में प्रवेश हेतु पंजीकरण 10 मई,2026 से प्रारम्भ होगें। निर्धारित सीटों के साथ संचालित उक्त संस्थान की कक्षायें कस्बा के मुहल्ला जवाहर रोड स्थित ओम कृष्णा गार्डन (कक्का का मिल) में अनवरत लगेंगीं।
कराटे प्रशिक्षण अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित ब्लैक बेल्ट प्रशिक्षक संध्या सक्सेना द्वारा दिया जाएगा। वहीं डांस प्रशिक्षण सुमित कश्यप द्वारा दिया जाएगा,जो प्राचीन कला केंद्र (चंडीगढ़) से प्रशिक्षित एवं राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कलाकार भी हैं।
केन्द्र संचालिका निशि पाण्डेय ने बताया कि इस पहल के तहत शुरू की गई कक्षायें न केवल लड़कियों के लिए,बल्कि लड़कों के लिए भी समान रूप से खुली हैं,ताकि सभी बच्चे अनुशासन,फिटनेस और आत्मरक्षा के गुण सीख सकें। उन्होंने बताया कि आज के समय में जहाँ लड़कियों का आत्मनिर्भर और सुरक्षित होना अत्यंत आवश्यक है,वहीं छोटे शहरों में उनके लिए पर्याप्त अवसर और सुविधाओं की कमीं देखी जाती है।
नगर में लड़कों के लिए जिम,खेल के मैदान और अन्य गतिविधियाँ उपलब्ध हैं,वहीं लड़कियों के लिए ऐसे मंच सीमित हैं,जहाँ वे शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ आत्मरक्षा भी सीख सकें। यह पहल केवल एक प्रशिक्षण केंद्र नहीं,बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर एक सकारात्मक कदम है।



